देहरादून, 11 जून।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को रक्तचाप (बीपी) में असंतुलन की शिकायत के चलते बुधवार, दिनांक 10 जून को तड़के करीब चार बजे दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. के.सी. पंत के नेतृत्व में उनका गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से कुछ लोगों द्वारा उनके स्वास्थ्य को लेकर दिल का दौरा पड़ने जैसी भ्रामक अफवाहें फैलाई गईं, जबकि वास्तविकता यह है कि हरीश रावत की तबीयत बीपी असंतुलित होने के कारण बिगड़ी थी। चिकित्सकों द्वारा की गई सभी जांचों में अन्य सभी पैरामीटर सामान्य पाए गए।

डॉक्टरों द्वारा की गई सभी जांच रिपोर्ट सामान्य पाए जाने के बाद बीपी असंतुलन की पुष्टि हुई। चिकित्सकों ने उन्हें दो से तीन दिन पूर्ण आराम करने की सलाह दी। इसके बाद बुधवार दोपहर करीब तीन बजे उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और घर ले जाया गया।

अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उनसे मिलने कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता पहुंचे। इनमें पूर्व विधायक (चकराता) प्रीतम सिंह, पूर्व राज्य मंत्री राजेश वालिआ, बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला तथा लाल सिंह समेत अन्य कांग्रेस नेता शामिल रहे।

इस दौरान बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला का जन्मदिन भी अस्पताल में केक काटकर मनाया गया। नेताओं और समर्थकों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा हरीश रावत के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

कांग्रेस नेताओं ने लोगों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य संबंधी मामलों में अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!