हरिद्वार,21 नवंबर ।
उत्तराखंड के हरिद्वार में शनिवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के एसपी सीपी नौटियाल पर उनके ही ड्राइवर ने कार्यालय के भीतर गोली चला दी। दिनदहाड़े सुरक्षा एजेंसी के कार्यालय में हुई इस घटना से पुलिस-प्रशासन और सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल एसपी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए AIIMS रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब पौने दो बजे संविदा पर तैनात ड्राइवर विनोद नेगी तमंचा लेकर एसपी सीपी नौटियाल के केबिन में पहुंचा। बताया जा रहा है कि उस समय वह गुस्से में था। इसी दौरान केबिन के भीतर अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली की आवाज सुनते ही कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी आनन-फानन में केबिन की ओर दौड़े।
कर्मचारियों ने अंदर पहुंचकर देखा तो एसपी अपनी कुर्सी पर घायल अवस्था में गिरे पड़े थे और उनके सिर के पास से खून बह रहा था। वहीं, वारदात के बाद आरोपी ड्राइवर घबराया हुआ केबिन से बाहर निकलता दिखाई दिया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। घायल एसपी को बिना देरी किए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए AIIMS रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी विनोद नेगी संविदा के आधार पर ड्राइवर के पद पर कार्यरत था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार को लेकर भी जांच की जा रही है।
काम के दबाव और कथित प्रताड़ना की बात आई सामने
प्रारंभिक जानकारी में वारदात के पीछे काम का दबाव और कथित प्रताड़ना वजह होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, आरोपी ने किन परिस्थितियों में इस वारदात को अंजाम दिया और हमले के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच और पूछताछ के बाद ही हो सकेगा।
VVIP मूवमेंट के बीच सुरक्षा एजेंसी के कार्यालय में गोली चलने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।