नरेश राठौर की हरिद्वार वापसी, कुंदन सिंह राणा देहरादून भेजे गए; गढ़वाल आईजी राजीव स्वरूप ने जारी किए स्थानांतरण आदेश…
देहरादून,20 नवंबर ।
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच पुलिस महकमे में प्रशासनिक फेरबदल शुरू हो गया है। निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुपालन में गढ़वाल परिक्षेत्र के 11 निरीक्षकों के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए हैं। गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राजीव स्वरूप की ओर से जारी आदेश के बाद कई जिलों में पुलिस निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदल दिए गए हैं।
इस स्थानांतरण सूची में सबसे अधिक चर्चा निरीक्षक नरेश राठौर की हो रही है, जिन्हें देहरादून से हरिद्वार भेजा गया है। वहीं, हरिद्वार में तैनात निरीक्षक कुंदन सिंह राणा का स्थानांतरण देहरादून कर दिया गया है। इसके अलावा उत्तरकाशी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और चमोली समेत विभिन्न जनपदों में भी निरीक्षकों की नई तैनाती की गई है।
निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के तहत हुआ फेरबदल
दरअसल, आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत ऐसे अधिकारियों को दूसरे जनपदों में भेजा जा रहा है, जो पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान जिस जिले में तैनात थे, वर्तमान में भी उसी जनपद में सेवाएं दे रहे हैं।
देखें, किन निरीक्षकों को कहां मिली नई तैनाती
गढ़वाल आईजी राजीव स्वरूप की ओर से जारी आदेश के अनुसार 11 निरीक्षकों के स्थानांतरण इस प्रकार किए गए हैं—
- प्रदीप सिंह तोमर — उत्तरकाशी से हरिद्वार
- दिनेश कुमार — उत्तरकाशी से हरिद्वार
- अजय सिंह — उत्तरकाशी से देहरादून
- विजय सिंह — पौड़ी से टिहरी
- राकेश कुमार — रुद्रप्रयाग से देहरादून
- नरेश राठौर — देहरादून से हरिद्वार
- नरेंद्र गहलावत — देहरादून से टिहरी
- रविंद्र शाह — देहरादून से टिहरी
- कुंदन सिंह राणा — हरिद्वार से देहरादून
- जहांगीर अली — हरिद्वार से उत्तरकाशी
- चित्रगुप्त — चमोली से पौड़ी
तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश
जारी स्थानांतरण आदेश में संबंधित जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को निर्देश दिए गए हैं कि स्थानांतरित निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर नई तैनाती के लिए रवाना किया जाए। साथ ही आदेश के अनुपालन की रिपोर्ट भी उपलब्ध कराने को कहा गया है।
विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर उत्तराखंड में प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर तैयारियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। ऐसे में गढ़वाल परिक्षेत्र के 11 निरीक्षकों का यह स्थानांतरण पुलिस व्यवस्था में चुनाव पूर्व किए जा रहे बदलावों का हिस्सा है। आने वाले समय में पुलिस विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण पर भी नजर रहेगी।