कलियर, 29 मई ।
हरिद्वार पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने अपने बयान में एक बड़े साइबर और बैंकिंग नेटवर्क का खुलासा किया है। एसएसपी द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर के कठुआ जनपद स्थित लखनपुर पुलिस स्टेशन ने कलियर थाने से संपर्क कर एक महिला सोनम के संबंध में जानकारी दी थी, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए महिला को जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ रवाना किया गया।
एसएसपी हरिद्वार ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि सोनम अपनी एक सहेली के माध्यम से उमर नाम के व्यक्ति के संपर्क में आई थी। उमर ने परिवार की आर्थिक तंगी का हवाला देकर उसे कई बैंक खातों की पासबुक, एटीएम कार्ड और चेकबुक उपलब्ध कराई थीं। महिला को खातों को एक्टिवेट करने और उनमें आने वाले पैसों को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने के निर्देश दिए गए थे।
महिला ने पूछताछ में बताया कि अब तक उसके माध्यम से करीब 20 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। इनमें कुछ रकम विदेशों में भी भेजी गई। महिला द्वारा यूपीआई के माध्यम से भी पैसों का ट्रांजैक्शन किया गया। इस काम के बदले उसे लगभग 2 लाख रुपये कमीशन के रूप में मिले थे।
एसएसपी के अनुसार, महिला के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी, जिस कारण वह इस नेटवर्क के संपर्क में आई। महिला हरिद्वार क्षेत्र की रहने वाली है और ग्रेजुएट बताई जा रही है। मामले में जम्मू-कश्मीर में पहले से मुकदमा दर्ज है और जांच जारी है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।