कोतवाली पिरान कलियर, 29 मई ।
हरिद्वार पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत गौकशी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली पिरान कलियर क्षेत्र में छापेमारी की। पुलिस ने मौके से एक महिला को हिरासत में लिया, जबकि 7 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके से भारी मात्रा में गौमांस और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जिलेभर में गौकशी और पशु कटान के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चौकी प्रभारी इमलीखेड़ा उ0नि0 शहजाद अली पुलिस टीम के साथ बकरीद पर्व के मद्देनज़र शांति व्यवस्था गश्त पर थे। तभी डायल-112 पर ग्राम नागल पलूनी में गौकशी की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां 7-8 लोग गौकशी करते मिले। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। टीम ने मौके से एक महिला को पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने मौके से करीब 150 किलो गौमांस, एक छुरी और एक छोटी कुल्हाड़ी बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं के तहत उत्तराखण्ड गोवंश संरक्षण अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीम में उ0नि0 शहजाद अली, हे0का0 संजय रावत, हे0का0 बबलू कुमार, का0 फुरकान अली एवं म0का0 मौसम शामिल रहे।