गड्ढा मुक्त हों सड़कें, अतिक्रमण हटे और तेज रफ्तार पर लगे लगाम


हरिद्वार, 29 मई 2026।
आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। जिला कार्यालय सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना न्यूनीकरण अनुश्रवण समिति की बैठक में डीएम ने कहा कि लोनिवि और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण अपने अधीन आने वाली सभी सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढा मुक्त करें और कांवड़ मेले से पहले पेचवर्क का कार्य पूरा कर लें।
बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन विभाग और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से लगातार चेकिंग अभियान चलाने को कहा।
डीएम ने कहा कि जिन स्थानों पर दुर्घटनाओं की संभावना अधिक रहती है, वहां तत्काल साइन बोर्ड लगाए जाएं और ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण कर उन्हें कम करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं। साथ ही सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग रुड़की, हरिद्वार और नजीबाबाद मार्गों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी स्थिति में सड़कों पर अतिक्रमण न होने दिया जाए। यदि कोई व्यक्ति अतिक्रमण करता है तो उसके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रुड़की कृष्ण चंद्र पलारिया ने बताया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराने के लिए परिवहन विभाग और पुलिस विभाग लगातार प्रवर्तन अभियान चला रहे हैं। जनवरी से अप्रैल 2026 तक परिवहन विभाग द्वारा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 3667 लोगों के चालान किए गए। वहीं ओवरलोडिंग के 301, ओवरस्पीड के 2012, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने वाले 99 और सीट बेल्ट न लगाने वाले 352 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इसके अलावा पुलिस विभाग द्वारा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 8429, नशे में वाहन चलाने वाले 367 और ओवरस्पीड में वाहन चलाने वाले 4666 लोगों के चालान किए गए। साथ ही रेड लाइट जंप करने वाले 189 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई।
बैठक में एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अधीक्षण अभियंता लोनिवि डी.के. सिंह, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल विपुल सैनी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा, निखिल शर्मा, जितेन्द्र चन्द सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।