हरिद्वार,20नवंबर ।
हरिद्वार में अवैध खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई और खनन माफिया पर शिकंजा कसने वाले अधिकारी अमित गौरव के तबादले ने चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
जिला कार्यालय भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग, हरिद्वार में खनन प्रशासन एवं भूविज्ञान से संबंधित कार्यों में जुटे उपनिदेशक / भूवैज्ञानिक डॉ. अमित गौरव को अब अल्मोड़ा स्थानांतरित कर दिया गया है। शासन की ओर से जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार उन्हें जिला कार्यालय भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग, अल्मोड़ा में भूविज्ञान से संबंधित कार्य सौंपा गया है।
हाल के दिनों में हरिद्वार जनपद में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई को लेकर अमित गौरव सक्रिय नजर आए थे। खनन गतिविधियों पर निगरानी, अवैध खनन के मामलों में कार्रवाई और नियमों के उल्लंघन पर विभागीय शिकंजा कसने की उनकी कार्यवाही चर्चा में रही। ऐसे समय में जब अवैध खनन को लेकर प्रशासन की भूमिका पर लगातार सवाल उठते रहे हैं, कार्रवाई करने वाले अधिकारी का अचानक जनपद से स्थानांतरण कई सवाल खड़े कर रहा है।
हालांकि शासन ने तबादले के पीछे कोई कारण स्पष्ट नहीं किया है, लेकिन अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के बीच हुए इस फेरबदल को लेकर विभागीय और स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हैं। सवाल यह भी है कि अवैध खनन के खिलाफ सख्ती दिखाने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहन मिलेगा या प्रशासनिक फेरबदल की प्रक्रिया के बीच उनकी जिम्मेदारियां बदलती रहेंगी?