08 मई 2026
हरिद्वार। चंडी देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए आज दिनांक 8 मई 2026 को जिलाधिकारी हरिद्वार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार द्वारा संयुक्त रूप से मंदिर परिसर पहुंचकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्गों, दर्शन व्यवस्था तथा पार्किंग क्षेत्रों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।






डीएम एवं एसएसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि दर्शन के लिए आने वाले सभी श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित लाइन के माध्यम से सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में दर्शन कराए जाएं।
अधिकारियों ने मंदिर परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि परिसर में नियमित साफ-सफाई कराई जाए तथा पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। भीड़ अधिक होने की स्थिति में अतिरिक्त पुलिस बल एवं कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था एवं आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की। एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार रखने तथा सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
प्रशासन द्वारा कहा गया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है तथा मंदिर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित और सुगम दर्शन कराना सुनिश्चित किया जाएगा।