हरिद्वार, 6 जुलाई ।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर बुधवार को ज्वालापुर स्थित शिव मंदिर, जटवाड़ा पुल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अयोध्या स्थित प्रभु श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने की, जबकि संचालन महानगर अध्यक्ष यशवंत सैनी ने किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

धरने को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यमंत्री संजय पालीवाल ने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों को कठोर से कठोर दंड दिया जाना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रह सके।

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि पहले केदारनाथ ज्योतिर्लिंग से सोना चोरी और अब बदरीनाथ धाम के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी जैसे मामलों ने देशभर के श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने कहा कि सरकार इन मामलों में वास्तविक दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है, जिससे धार्मिक संस्थाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार हिंदुओं की आस्था से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय छोटे कर्मचारियों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम के चढ़ावे में कथित हेराफेरी का मामला सरकार की जवाबदेही पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है। केवल एक कर्मचारी को निलंबित कर सरकार अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती। उन्होंने पूरे प्रकरण की न्यायिक अथवा निष्पक्ष एजेंसी से जांच कराने की मांग की।

धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया धन और सामग्री करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन तेज करेगी।

धरना-प्रदर्शन में पूर्व विधायक रामयश सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप चौधरी, राजबीर सिंह चौहान, महेश प्रताप राणा, पूर्व दर्जाधारी एडवोकेट फुरकान अली, बलजीत चौधरी, पूर्व अध्यक्ष संजय अग्रवाल, रवीश भटीजा, पूनम भगत, मनोज सैनी, विकास चंद्रा, पार्षद प्रतिनिधि मयंक, कैलाश प्रधान, एससी विभाग के जिलाध्यक्ष तीर्थपाल रवि, महानगर अध्यक्ष मनोज जाटव, मोहन राणा, सोम त्यागी, संजय सैनी, समर्थ अग्रवाल, बी.एस. तेजियांन, सी.पी. सिंह, गौरव चौहान, पराग मिश्रा, राजेंद्र श्रीवास्तव, अजय मुखिया, रविंदर धीमान, सौरव सैनी, आर.बी.एन. वर्मा, अशोक धीगान, सत्यपाल शास्त्री, वेदपाल तेजियांन, मार्कण्डेय सिंह, मनीराम बागड़ी, डॉ. मेहरबान, जितेंद्र चौधरी, आशीष पंवार, सतेंद्र वर्मा, अरुण चौहान, डॉ. दिनेश पुंडीर, गिरजेश कुमार, सुनील कुमार, एल.एस. रावत, जे.एस. तोमर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!