हरिद्वार, 8 जुलाई।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने आज बुधवार को गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में छात्रहित और विश्वविद्यालय के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर कुलपति को 6 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। जिला संयोजक सूर्य प्रताप राणा के नेतृत्व में परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया और चेतावनी दी कि यदि समयबद्ध समाधान नहीं हुआ तो परिषद चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करेगी।

ज्ञापन में एबीवीपी ने मांग की कि कन्या गुरुकुल में प्रारंभ किए जा रहे नए पाठ्यक्रमों के अनुरूप छात्राओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए नए शैक्षणिक भवनों का निर्माण कराया जाए तथा सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण मिल सके।

परिषद ने योग विभाग के नए परिसर में स्थानांतरण के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि नए स्थान पर वर्तमान परिसर में उपलब्ध सभी शैक्षणिक, प्रयोगात्मक एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं पूर्ववत उपलब्ध कराई जाएं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई, शोध कार्य और प्रशिक्षण पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।

इसके अलावा परिषद ने विश्वविद्यालय में हाल ही में की गई फीस वृद्धि को तत्काल वापस लेने, छात्र संघ चुनाव बहाल करने, विद्यार्थियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त कैंटीन की स्थापना करने तथा विश्वविद्यालय परिसर के आसपास संचालित नशे और मादक पदार्थों की बिक्री करने वाली दुकानों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर उन्हें बंद कराने की भी मांग की।

इस अवसर पर जिला संगठन मंत्री अमन सिंह तोमर ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमेशा से छात्रहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों की मूलभूत समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो परिषद लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।

जिला संयोजक सूर्य प्रताप राणा ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय प्रशासन का दायित्व है। उन्होंने कहा कि कन्या गुरुकुल में नए भवनों का निर्माण, योग विभाग के स्थानांतरण के दौरान सभी सुविधाओं की उपलब्धता, फीस वृद्धि की वापसी, छात्र संघ चुनाव की बहाली, आधुनिक कैंटीन की स्थापना और विश्वविद्यालय के आसपास नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक जैसी सभी मांगें पूरी तरह छात्रहित में हैं। परिषद इन मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।

एबीवीपी ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय के भीतर इन मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करेगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान मानसी, ईशा, रूद्राक्षि, गर्व चौहान, प्रशांत, शिवांश, रितिक सहित परिषद के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!