नैनीताल, 11 सितंबर 2026।
शहर के रिहायशी इलाकों में सड़क किनारे खड़े वाहनों से लगातार पेट्रोल-डीजल और अन्य सामान चोरी किए जाने की शिकायतों के बीच स्थानीय लोगों ने बुधवार रात बड़ी हिम्मत और सूझबूझ का परिचय देते हुए संदिग्ध चोरों के गिरोह को पकड़ने की कार्रवाई की। क्षेत्रवासियों की घेराबंदी में चार संदिग्ध युवकों में से एक को पकड़ लिया गया, जबकि तीन मौके से भागने में सफल रहे। पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि नैनीताल के विभिन्न रिहायशी मार्गों पर लंबे समय से रात के समय खड़े वाहनों को निशाना बनाया जा रहा था। पेट्रोल-डीजल चोरी के साथ ही वाहनों से स्टेपनी, बैटरी और अन्य जरूरी सामान गायब होने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। खास तौर पर स्कूटी और बाइक से बड़ी मात्रा में पेट्रोल चोरी किए जाने से वाहन स्वामियों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी।

सीसीटीवी ने खोली चोरी की पोल
बताया गया कि मार्च माह से सीआरएसटी स्कूल के पीछे स्थित मार्ग पर इस तरह की घटनाएं सामने आ रही थीं। लगातार पेट्रोल चोरी होने से परेशान स्थानीय लोगों ने आखिरकार वहां सीसीटीवी कैमरा लगवाने का निर्णय लिया। कैमरे की फुटेज खंगालने पर तड़के सुबह दो युवकों को बाइक के जरिए वाहनों से तेल निकालते हुए देखा गया।

फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को भी इसकी जानकारी दी। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि शिकायत और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद मामले पर अपेक्षित गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया। इसी बीच शहर के अन्य हिस्सों में भी ऐसी ही घटनाओं की चर्चा सामने आती रही।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मल्लीताल रिक्शा स्टैंड से जिला परिषद होते हुए मॉल रोड की ओर उतरने वाले मार्ग पर भी वाहनों को निशाना बनाए जाने की शिकायतें सामने आई थीं। इससे लोगों में यह आशंका गहराने लगी कि चोरी की घटनाएं किसी संगठित गिरोह द्वारा की जा रही हैं।

रातभर निगरानी, कैमरे में दिखते ही घेराबंदी
लगातार अपनी मेहनत की कमाई से खरीदे ईंधन को चोरी होते देख क्षेत्रवासियों ने इस बार खुद निगरानी करने का फैसला किया। बुधवार रात स्थानीय लोग एकजुट होकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने लगे। बताया गया कि जैसे ही कैमरे में संदिग्ध युवकों की गतिविधि दिखाई दी, लोगों ने तत्काल घेराबंदी कर दी।
चार युवक मौके पर बताए गए। स्थानीय लोगों ने उनका पीछा किया, जिसमें संघर्ष के बाद एक युवक को पकड़ लिया गया, जबकि तीन अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

बोतलों और जैरीकैन में मिला तेल
स्थानीय लोगों के मुताबिक संदिग्ध युवक आर्मी लिखी बाइक संख्या UK-04-AL-4318 और एक स्कूटी से पहुंचे थे। पकड़े गए युवक के पास से तलाशी के दौरान कई पांच लीटर की बोतलें और जैरीकैन बरामद होने की बात कही गई है, जिनमें कथित तौर पर पेट्रोल/तेल था।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए मल्लीताल कोतवाली ले गई। अब पुलिस पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि आरोपी के साथ कौन-कौन लोग शामिल थे और शहर में सामने आईं पूर्व की तेल चोरी की घटनाओं से उसका कोई संबंध है या नहीं।

कई शिकायतों के बाद खुद मोर्चा संभालने को मजबूर हुए लोग
स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार वाहनों से पेट्रोल चोरी होने के कारण वाहन स्वामियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। कई लोगों ने रात में निगरानी रखने की कोशिश भी की, लेकिन चोरों तक पहुंचना आसान नहीं था। सीसीटीवी फुटेज ने इस मामले में अहम भूमिका निभाई और आखिरकार लोगों को आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली।
पीड़ित अर्जुन ने बताया कि उनकी बाइक से कई बार तेल चोरी किया गया। उनका कहना है कि कई रात तक जागकर निगरानी करने के बावजूद चोर हाथ नहीं आए, लेकिन लगातार प्रयास के बाद आखिरकार उन्हें रंगे हाथों पकड़ने में सफलता मिली।

अब पुलिस जांच से खुलेगा पूरा नेटवर्क
एक संदिग्ध के पकड़े जाने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या नैनीताल में लंबे समय से सक्रिय तेल चोरी की घटनाओं के पीछे यही गिरोह है या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है। पुलिस की पूछताछ और फरार तीन संदिग्धों की तलाश से तस्वीर और साफ हो सकती है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज और पूर्व में मिली शिकायतों के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जाए तथा फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही रिहायशी इलाकों में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग उठ रही है।

फिलहाल एक आरोपी पुलिस हिरासत में है और तीन अन्य की तलाश की जा रही है। अब निगाह इस बात पर है कि पूछताछ में तेल चोरी के इस कथित गिरोह से जुड़े कितने नाम सामने आते हैं और नैनीताल में हुई पुरानी वारदातों का राज कितना खुलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!