कैंचीधाम, 12 नवंबर 2026।
उत्तराखंड के नैनीताल जिले में कैंचीधाम के समीप निगलाट गांव में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बरेली से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। रात के घने अंधेरे और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान चलाना टीम के लिए बड़ी चुनौती रहा। इसके बावजूद एसडीआरएफ के जवानों ने कड़ी मशक्कत करते हुए चारों घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा।

वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले संदीप शर्मा का शव भी खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए भवाली पुलिस के सुपुर्द किया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार में बरेली निवासी पांच लोग सवार थे। घायलों की पहचान 23 वर्षीय सनी, 29 वर्षीय अनुज तिवारी, संचित और रवि के रूप में हुई है। बताया गया है कि हादसे के समय कार अनुज चला रहा था।

रात के अंधेरे में एसडीआरएफ का साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चार जिंदगियां बचाने में सफल रहा, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार को गहरे दुख में डाल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!