फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक से वारदात की फिराक में थे बदमाश, पुलिस टीम पर की अंधाधुंध फायरिंग; दो अवैध पिस्टल बरामद

देहरादून,31अक्टूबर ।

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बदमाश पुलिस को चकमा देकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस वाहन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोलीबारी में पुलिस का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे घायल होकर मौके पर गिर पड़े।

मुठभेड़ पटेलनगर थाना क्षेत्र के नयागांव इलाके में हुई। घायल आरोपियों की पहचान रुड़की, जनपद हरिद्वार निवासी समीम और शहजाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस और मौके से खोखे बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं और इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर थाना क्षेत्रों में हुई कई नकबजनी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी शनिवार रात किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस की चेकिंग के दौरान उनका सामना पुलिस टीम से हो गया। फिलहाल घायल आरोपियों को उपचार के लिए प्रेमनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास, नेटवर्क और अन्य आपराधिक घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की पड़ताल कर रही है।

अब पुलिस की जांच का दायरा बढ़ गया है—क्या इन दोनों के पीछे कोई बड़ा आपराधिक नेटवर्क भी सक्रिय है? इसका खुलासा आगे की जांच में हो सकता है।

MH7 News | उत्तराखंड की हर खबर पर पैनी नजर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!