स्वर्ण जयंती एवं रजत जयंती बैच के पूर्व विद्यार्थियों को किया जाएगा सम्मानित, आयुर्वेद के शैक्षणिक और वैज्ञानिक विकास पर होगा मंथन

हरिद्वार,22 नवंबर ।
ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेदिक पीजी कॉलेज, हरिद्वार में 28 एवं 29 नवंबर 2026 को दो दिवसीय राष्ट्रीय एलुमिनाई मीट-कम-वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा। ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन (RSESA) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर से संस्थान के पूर्व छात्र-छात्राएं जुटेंगे। आयोजन में आयुर्वेद शिक्षा, चिकित्सा, अनुसंधान और वैज्ञानिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे। कार्यक्रम में उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय, देहरादून का भी सहयोग रहेगा।

कार्यक्रम का आयोजन ऋषिकुल परिसर स्थित मालवीय ऑडिटोरियम में किया जाएगा। वर्ष 1919 में भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रेरणा एवं प्रयासों से स्थापित ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज ने देश को हजारों आयुर्वेद चिकित्सक, शिक्षक और शोधकर्ता दिए हैं। इसी गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने और विभिन्न पीढ़ियों के पूर्व विद्यार्थियों को एक मंच पर जोड़ने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।

आयुर्वेद के शोध और आधुनिक चिकित्सा पर होगी चर्चा
आयोजन के पहले दिन 28 नवंबर को उद्घाटन समारोह के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद विशेषज्ञों के मुख्य व्याख्यान, वैज्ञानिक व्याख्यान और शैक्षणिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें आयुर्वेद चिकित्सा में नवीन शोध, औषधीय अनुसंधान, औषधियों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा, पारंपरिक ज्ञान का वैज्ञानिक प्रमाणीकरण और आधुनिक चिकित्सा परिदृश्य में आयुर्वेद की उपयोगिता जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके साथ विभिन्न आयुर्वेदिक विभागों की विषयगत कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी।

स्वर्ण और रजत जयंती बैच का होगा सम्मान
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण संस्थान के पूर्व विद्यार्थियों का सम्मान समारोह रहेगा। संस्थान से शिक्षा पूर्ण करने के 50 वर्ष पूरे करने वाले स्वर्ण जयंती बैच और 25 वर्ष पूरे करने वाले रजत जयंती बैच के पूर्व छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में शैक्षणिक, चिकित्सकीय, शोध एवं सामाजिक योगदान देने वाले पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों को भी सम्मानित करने की योजना है।

सांस्कृतिक संध्या में दिखेगा पुरानी यादों का रंग
28 नवंबर को शाम 6 से 8 बजे तक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। इसमें ऋषिकुल के पूर्व विद्यार्थी और प्रतिभागी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। यह कार्यक्रम पुराने सहपाठियों, शिक्षकों और संस्थान से वर्षों बाद मिलने का अवसर प्रदान करेगा।

29 नवंबर को होगा एलुमिनाई संवाद और समापन समारोह
दूसरे दिन वैज्ञानिक एवं शैक्षणिक सत्रों, विभागीय कार्यशालाओं और एलुमिनाई संवाद का आयोजन किया जाएगा। साथ ही एसोसिएशन की सामान्य सभा की बैठक में संगठन की भावी गतिविधियों, सदस्यता विस्तार, शैक्षणिक सहयोग और संस्थान के विकास में पूर्व विद्यार्थियों की भूमिका पर चर्चा होगी। समापन समारोह में आयोजन की उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना साझा की जाएगी।

देश-विदेश में कार्यरत पूर्व विद्यार्थियों को जोड़ने की पहल
एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य केवल पूर्व विद्यार्थियों का पुनर्मिलन नहीं, बल्कि देश-विदेश में कार्यरत ऋषिकुल के पूर्व छात्र-छात्राओं को एक सक्रिय नेटवर्क से जोड़ना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को मार्गदर्शन, शोध, शैक्षणिक सहयोग और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

आयोजन के मुख्य संरक्षक उत्तराखंड के आयुष मंत्री मदन कौशिक एवं कुलपति डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. डॉ. विनीत कुमार अग्निहोत्री और सचिव डॉ. वेद भूषण शर्मा के नेतृत्व में तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए वैज्ञानिक समिति सहित विभिन्न आयोजन समितियों का गठन किया गया है।

पंजीकरण के लिए 27 नवंबर तक का अवसर
कार्यक्रम में सहभागिता के लिए पंजीकरण अनिवार्य रखा गया है। एसोसिएशन के आधिकारिक पोर्टल https://rishikulalumni.vercel.app/ पर पंजीकरण एवं सदस्यता संबंधी जानकारी उपलब्ध है। पंजीकरण शुल्क 2,000 रुपये निर्धारित किया गया है। लाइफटाइम सदस्यों को पंजीकरण शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

एसोसिएशन ने ऋषिकुल के सभी पूर्व स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों, वर्तमान विद्यार्थियों, शिक्षकों और आयुर्वेद जगत से जुड़े लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!