हरिद्वार, 16 मई 2026।
हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में मजदूरों के हितों को लेकर आज प्रेस क्लब में वरिष्ठ कांग्रेस नेता वरुण बलियान ने पत्रकारों के समक्ष मजदूरों की समस्याएं और मांगें प्रमुखता से उठाईं। उन्होंने आरोप लगाया कि सिडकुल प्रशासन मजदूरों की समस्याओं को अनदेखा कर उनका शोषण करने में लगा है।
उन्होंने कहा कि आज सिडकुल में मजदूरों की व्यथा सुनने वाला कोई नहीं है। यदि कोई मजदूर फैक्ट्री मालिकों से अपनी समस्याओं को लेकर बात करता है तो उसके खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज करा दिया जाता है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। मजदूर अपनी मजदूरी और अधिकारों को लेकर बेबस नजर आ रहे हैं।
वरुण बलियान ने कहा कि उत्तराखंड में मजदूरों को दिल्ली, केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों की तुलना में काफी कम मानदेय दिया जा रहा है। इसके साथ ही उन्हें ओवरटाइम का भुगतान भी नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन मजदूरों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन तक नहीं दिया जा रहा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सिडकुल की कंपनियों में स्थानीय युवाओं की बजाय बाहरी कामगारों को ज्यादा रोजगार दिया जा रहा है।अधिकतर कंपनियां ठेकेदारी प्रथा के तहत मजदूरों को काम पर रख रही हैं और उन्हें कंपनी का जॉब कार्ड तक नहीं दिया जाता। यदि किसी मजदूर के साथ कोई अप्रिय घटना हो जाती है तो कंपनियां जिम्मेदारी लेने से बचती हैं और मजदूरों को उनके हाल पर छोड़ देती हैं।
प्रेस वार्ता के माध्यम से उन्होंने मांग की कि मजदूरों को सरकार द्वारा तय न्यूनतम वेतन दिया जाए तथा कंपनी कानून के अनुसार दुगुना ओवरटाइम भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सिडकुल प्रशासन ने मजदूरों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया तो आंदोलन आगे और तेज किया जाएगा।
इस दौरान मुख्य रूप से विकास सिंह, कैश खुराना, लक्ष्य चौहान, अंकित चौहान, विक्की भूषण, दिव्यांश अग्रवाल, मयंक त्यागी, महिपाल रावत, चंद्रेश कुमार एवं अशोक गिरी व अन्य उपस्थित रहे।