हरिद्वार, 17 मई 2026।
रोशनाबाद स्थित भारतीय योग संस्थान सामुदायिक केंद्र में रविवार प्रातः 5:30 बजे पांच दिवसीय मोटापा निवारण शिविर का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्रोच्चार और मां सरस्वती वंदना के साथ हुई।

भारतीय योग संस्थान, रोशनाबाद द्वारा आयोजित इस शिविर का उद्देश्य लोगों को मोटापे से जुड़ी जीवनशैली संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक करना तथा योग और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

मुख्य अतिथि डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि “मोटापा आज की सबसे बड़ी स्वास्थ्य चुनौती बन चुका है।” उन्होंने सभी आयु वर्ग के लोगों से नियमित योग को दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।

शिविर में रोशनाबाद, शिवालिक नगर और जिला कारागार केंद्रों से लगभग 70 से अधिक साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन उरेड़ा की कनिष्ठ अभियंता सुश्री शिल्पी ने किया।

शिविर के दौरान ताड़ासन, सूक्ष्म क्रियाएं, नौकासन, लुढ़कन, सरपासन सहित विभिन्न योग आसनों का सामूहिक अभ्यास कराया गया। योग शिक्षक जय ध्यानी, अर्चना, सुशीला, प्रीति, पूजा, मीरा थपलियाल, सुनीता, मीरा रावत सहित अन्य साधकों की सक्रिय सहभागिता रही। सुबह 7:30 बजे ध्यान, वैदिक प्रार्थना और शांति पाठ के साथ योगाभ्यास का समापन हुआ।

आयोजकों ने बताया कि पांच दिवसीय इस शिविर का उद्देश्य प्रतिभागियों को बिना दवाओं के योग, प्राणायाम और संतुलित दिनचर्या के माध्यम से वजन नियंत्रण और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति प्रेरित करना है।

योग सत्र के समापन के बाद जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने मुख्य विकास अधिकारी को सामुदायिक केंद्र का भ्रमण कराया। उन्होंने बताया कि केंद्र में 7 जनवरी 2025 से लगातार निशुल्क योग केंद्र संचालित किया जा रहा है। इस दौरान केंद्र के विकास और सौंदर्यीकरण से जुड़ी समस्याओं एवं सुझावों से भी अवगत कराया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने समस्याओं के समाधान, वृक्षारोपण और अन्य विकास कार्यों के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!