जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ उत्तराखण्ड की हरिद्वार इकाई का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न
राजकुमार ने अध्यक्ष एवं नवीन चौहान ने महामंत्री पद की शपथ ग्रहण की
सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारों को अधिक सजग, संवेदनशील एवं उत्तरदायी बनने की आवश्यकता : पूर्व राज्य सूचना आयुक्त योगेश भट्ट

हरिद्वार, 16 मई 2026।
सामाजिक सरोकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा जनजागरण को सशक्त दिशा प्रदान करने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्तमान समय कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और तीव्र संचार तकनीकों का युग है, ऐसे परिवेश में पत्रकारिता केवल सूचना प्रसारण का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने का उत्तरदायित्व भी निभा रही है। उक्त विचार मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने प्रेस क्लब सभागार में आयोजित जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ उत्तराखण्ड की हरिद्वार इकाई के नव निर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए । साथ ही डीप प्रज्वलित कर आयोजन की शुरुआत की।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. मिश्र ने कहा कि वर्तमान समय में किसी भी सूचना का कुछ ही मिनटों में व्यापक प्रसार हो जाता है। इसलिए पत्रकारों को तथ्यों की सत्यता, सामाजिक संवेदनशीलता तथा नैतिक मूल्यों का विशेष ध्यान रखते हुए अत्यंत सतर्कता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है और इसकी विश्वसनीयता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने सिख परम्परा के दसवें गुरु, गुरु गोविन्द सिंह द्वारा ‘पंज प्यारों’ के चयन का उदाहरण देते हुए कहा कि किसी भी संस्था के लिए चुने गए पदाधिकारियों की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। संगठन के प्रतिनिधियों को सभी को साथ लेकर चलना चाहिए तथा संगठन की गरिमा, अनुशासन और उद्देश्य को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करना चाहिए।

समारोह में नव निर्वाचित कार्यकारिणी के अध्यक्ष राजकुमार, महामंत्री नवीन चौहान, संगठन महामंत्री डॉ. मनोज सोही सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं प्रदेश के पूर्व राज्य सूचना आयुक्त योगेश भट्ट ने कहा कि मीडिया की भूमिका व्यापक और बहुआयामी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों के समक्ष अनेक चुनौतियां उपस्थित हैं। सोशल मीडिया के प्रभाव ने जहां सूचना के आदान-प्रदान को तीव्र बनाया है, वहीं फर्जी सूचनाओं और भ्रम की स्थिति भी उत्पन्न की है। ऐसे समय में पत्रकारों को और अधिक सजग, संवेदनशील तथा उत्तरदायी बनने की आवश्यकता है।

योगेश भट्ट ने कहा कि पत्रकारों का नैतिक दायित्व केवल समाचार देना नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करना भी है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं जितनी मजबूत होंगी, राष्ट्र उतना ही सशक्त एवं प्रगतिशील बनेगा। उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा को भी अत्यंत आवश्यक बताते हुए कहा कि स्वतंत्र और निर्भीक पत्रकारिता स्वस्थ लोकतंत्र की आधारशिला है।

समारोह की अध्यक्षता जूना अखाड़ा के श्रीमहंत भास्कर पुरी महाराज ने की। उन्होंने सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों को आशीर्वचन प्रदान करते हुए माँ माया देवी की पावन चुनरी भेंट की तथा पत्रकारिता को समाज निर्माण और जनजागरण का प्रभावी माध्यम बताया।

कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष दीपक नौटियाल ने किया। इस अवसर पर यूनियन के संरक्षक डॉ. एस.एस. जायसवाल ने संगठन की कार्यप्रणाली, उद्देश्य एवं पत्रकार हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने वर्तमान परिप्रेक्ष्य में पत्रकारों की भूमिका पर कविता के माध्यम से अपने विचार भी व्यक्त किए।

प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेन्द्र चौधरी ने नव निर्वाचित कार्यकारिणी एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम पत्रकारों के हितों की रक्षा करने के साथ-साथ प्रेस क्लब की गरिमा और प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगी। प्रेस क्लब महासचिव सूर्यकांत बेलवाल ने सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ उत्तराखण्ड की नव निर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं प्रदान कीं।

समारोह के दौरान जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह को प्रतीक चिन्ह एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। वहीं निवर्तमान अध्यक्ष प्रवीण झा ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की पूर्व गतिविधियों की जानकारी दी तथा नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में वरिष्ठ पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। उपस्थित प्रमुख लोगों में गोपाल रावत, कुलभूषण शर्मा, नरेश दीवान शैली, रामेश्वर गौड़, आफताब खान, शिव प्रकाश शिव, आनंद गोस्वामी, अजय चौहान, शैलेन्द्र गौदियाल, कमल मिश्रा, श्रवण अरोरा, आदेश त्यागी, सुनील दत्त पांडेय, राजेन्द्र नाथ गोस्वामी, डॉ. रजनीकांत शुक्ल, अमित शर्मा, राहुल वर्मा, डॉ. शिवा अग्रवाल, काशीराम सैनी, तनवीर अली, टीसी भट्ट, महावीर सिंह नेगी, कुमकुम शर्मा, प्रतिभा वर्मा, राव रियासत पुण्डीर, रत्नमणि डोभाल, चन्द्रशेखर जोशी, राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष डॉ. सतोष चौहान, योगाचार्य रजनीश, समाजसेवी पंडित अधीर कौशिक, समाजसेवक विशाल गर्ग, भाजपा जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!