काशीपुर में अवैध संबंधों का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। आरोप है कि महिला ने पति को शराब में ज़हर मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों ने शव को एनएच-74 बाईपास पुल से नहर में फेंक दिया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।

मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतक की मां चंद्रवती ने एक मई को कोतवाली आईटीआई में तहरीर देकर अपने बेटे कुलवंत सिंह के लापता होने की सूचना दी। उन्होंने अपनी पुत्रवधू गुड्डी पर बेटे के अपहरण और अनहोनी की आशंका जताई।

पुलिस जांच में सामने आया कि 25 अप्रैल को कुलवंत सिंह अपनी पत्नी से मिलने काशीपुर गया था। उसी दिन पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद गुड्डी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोप है कि कुछ लोगों की मदद से कुलवंत सिंह को जबरन कार में बैठाकर ले जाया गया और फिर उसे ज़हर देकर मार डाला गया।

एसएसपी अजय गणपति के अनुसार, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। एसडीआरएफ की मदद से गढ़ी हुसैन नहर से शव बरामद कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!