उत्तराखंड / ऊधमसिंह नगर : NH -125 पर अनोखा हादसा _हाथी का टूटा दांत, स्कूटी सवार शिक्षिका घायल
चकरपुर-बनबसा राष्ट्रीय राजमार्ग, 20 मई ।
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में मंगलवार सुबह एक बेहद अनोखा सड़क हादसा सामने आया। चकरपुर-बनबसा राष्ट्रीय राजमार्ग-125 पर स्कूटी सवार एक शिक्षिका की सड़क पार कर रहे हाथी से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में हाथी का एक दांत टूटकर सड़क पर गिर गया, जबकि शिक्षिका घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार श्रीपुर बिछवा निवासी 23 वर्षीय निकिता कापड़ी पत्नी रोहित कापड़ी टनकपुर से खटीमा स्थित एक निजी विद्यालय में पढ़ाने जा रही थीं। सुबह जब वह चकरपुर-बनबसा के जंगल क्षेत्र से गुजर रही थीं, तभी अचानक एक हाथी हाईवे पार करने लगा। इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, उनकी स्कूटी सीधे हाथी से टकरा गई।
टक्कर के बाद निकिता सड़क पर गिर पड़ीं और स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं हादसे में हाथी का एक दांत टूटकर सड़क पर गिर गया। पीछे से आ रहे लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद हाथी जंगल की ओर भाग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों में, राइंका गैंडाखाली और राइंका सूखीढांग के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी शामिल थे। शाइस्ता परवीन, रवि बगोटी, रेखा कन्याल, पीएम शाह, डॉ. आरबी यादव, विक्रम सिंह धामी और महेंद्र पाल सिंह ने तुरंत परिजनों, पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। घायल शिक्षिका को एनएच एंबुलेंस से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन क्षेत्राधिकारी हरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि टूटे हुए हाथी के दांत को वन विभाग ने कब्जे में लेकर सुरक्षित रेंज कार्यालय में रख दिया है। उन्होंने बताया कि यह इलाका हाथी कॉरिडोर क्षेत्र में आता है, जहां अक्सर हाथियों का झुंड सड़क पार करता है।
वन विभाग ने क्षेत्र में ट्रैप कैमरे लगाने शुरू कर दिए हैं और वाहन चालकों से जंगल क्षेत्र में धीमी गति से वाहन चलाने तथा सतर्क रहने की अपील की है। यह अनोखा हादसा पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।