टिहरी गढ़वाल, 23 अप्रैल 2026 ।
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में कुछ समय पहले गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया। चंबा-कोटी सड़क पर नैल गांव के पास 10 लोगों से सवार एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सभी लोग हरिद्वार में एक परिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। शाम करीब 4:15 बजे वाहन नैल क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और पिकअप सीधे गहरी खाई में समा गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। दुर्गम क्षेत्र होने के बावजूद राहत और बचाव अभियान तेजी से चलाया गया। गंभीर रूप से घायल अंकित (35) और उत्तम कुमार (30) को खाई से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन परिजनों को सूचना देने में जुटा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं और बाबा केदार से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।