थाना सिडकुल , 5 मई।
जनपद हरिद्वार में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराध मुक्त वातावरण बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर एक माह तक चले इस अभियान को “ऑपरेशन प्रहार” नाम दिया गया, जो 3 अप्रैल से 3 मई तक संचालित रहा।

इस अभियान की शुरुआत पहले दिन से ही सुनियोजित ढंग से की गई, जिसमें शहर, ग्रामीण क्षेत्रों सहित सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को सक्रिय किया गया। अभियान के दूसरे दिन से लगातार मॉनिटरिंग की गई, जिससे इसकी प्रभावशीलता बनी रही।

आज मंगलवार दिनांक 5 मई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत हरिद्वार पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है।

अभियान के दौरान कुल 96 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 36 नामी अपराधियों को भी पुलिस ने दबोचा। इसके अलावा, 433 वारंटी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके खिलाफ न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी थे।

पुलिस ने इस दौरान 73 अभियुक्तों को विभिन्न आपराधिक मामलों में गिरफ्तार किया। साथ ही 108 व्यक्तियों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है, जिन पर सुनवाई के बाद जिला बदर की कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के तहत 24 नए केस दर्ज किए गए, जो सक्रिय अपराधियों से जुड़े हुए हैं। वहीं, शांति व्यवस्था भंग करने वाले 843 लोगों के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की गई। अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए 25 अवैध हथियार बरामद किए गए।

इसके अतिरिक्त, 96 ऐसे स्थानों पर छापेमारी की गई, जहां अवैध रूप से शराब की तस्करी या परोसने की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस ने ऐसे होटल और लॉज को चिन्हित कर बंद करवाया, जहां इस प्रकार की अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं।

अभियान के दौरान हजारों लोगों का सत्यापन भी किया गया, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। पुलिस मुख्यालय द्वारा समय-समय पर इस अभियान की समीक्षा की जाती रही और जनपद स्तर पर विशेष टीमें बनाकर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य है कि जनपद हरिद्वार में किसी भी प्रकार के अपराधी तत्व सक्रिय न हो सकें और जिले को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सके। इस सख्त कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!