देहरादून, 29 अप्रैल।
उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। जहां पिछले कुछ दिनों से लोग भीषण गर्मी और उमस से परेशान थे, वहीं अब तेज अंधड़, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका ने चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए कई पर्वतीय जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
28 अप्रैल मंगलवार सुबह से नैनीताल समेत कुमाऊं और गढ़वाल के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला नजर आया। पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बादलों ने धूप पर ब्रेक लगा दिया। ठंडी हवाओं के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और बागेश्वर जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विशेष रूप से पुरोला, बड़कोट, गंगोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ, कर्णप्रयाग, कपकोट, मुनस्यारी, डीडीहाट और गंगोलीहाट क्षेत्रों में मौसम तेजी से बिगड़ सकता है।
प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में तेज हवाओं और बारिश का असर भी दिखाई देने लगा है। पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा और चंपावत जिलों में कई स्थानों पर पेड़ गिरने से सड़कें बाधित हुई हैं। एस्कोर्ट-कर्णप्रयाग मार्ग पर भी मौसम का असर देखने को मिला।
बागेश्वर में तेज अंधड़ के दौरान एक मकान पर आम का पेड़ गिर गया, जिससे मकान को भारी नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
चारधाम यात्रा मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। ऊंचाई वाले इलाकों में अचानक मौसम बदलने की संभावना बनी हुई है।
मौसम में बदलाव के बाद राज्यभर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। देहरादून में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री और न्यूनतम 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री रहा, जबकि मुक्तेश्वर सहित पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम काफी ठंडा और सुहावना हो गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। तेज आंधी, बिजली और ओलावृष्टि के दौरान खुले स्थानों पर न जाने और जरूरत होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है।