रुड़की (हरिद्वार), 13 जुलाई।
हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार‘ के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में कोतवाली रुड़की पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं, मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम शेरपुर निवासी रामकुमार सैनी ने 10 जुलाई 2026 को कोतवाली रुड़की में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बुलेट मोटरसाइकिल 4 जुलाई 2026 को मेथोडिस्ट कॉलेज के पास से अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना उपनिरीक्षक भजराम चौहान को सौंपी।
एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक भजराम चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और लगातार सुरागरसी करते हुए 12 जुलाई 2026 को कलियर नहर पटरी क्षेत्र से आरोपी कुशिंदर पुत्र स्वर्गीय नरेश कुमार, निवासी ग्राम डाडली, पोस्ट सिरचंदी, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। पुलिस के अनुसार, वारदात में आरोपी का एक अन्य साथी, जो थाना गागलहेड़ी, जनपद सहारनपुर के बुढ्ढाखेड़ा क्षेत्र का निवासी है, अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक भजराम चौहान, हेड कांस्टेबल अरविंद और कांस्टेबल राजेश देवरानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत वाहन चोरों, अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।