सिडकुल (हरिद्वार), 13 जुलाई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में जनपदभर में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिडकुल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 98 पाउच अवैध देशी शराब (माल्टा व संतरा मार्का) बरामद की।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई 2026 को थाना सिडकुल पुलिस टीम गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान नेहरू कॉलोनी पीठ बाजार वाले मैदान तथा इंद्रलोक टेंपो स्टैंड के पास मैदान क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज पुत्र राजेंद्र, निवासी मोहनपुर हल्दौर, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी गली नंबर-7, सुमन नगर, थाना रानीपुर, हरिद्वार तथा खिलेंद्र चौहान पुत्र दीपक कुमार, निवासी कुमारपुरा हल्दौर, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी अल्पस कॉलोनी, हेतमपुर, थाना सिडकुल, हरिद्वार के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 98 पाउच देशी शराब (माल्टा एवं संतरा मार्का) बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर दोनों के विरुद्ध थाना सिडकुल में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पंकज के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 284/2026 तथा खिलेंद्र चौहान के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 286/2026 पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में हेड कांस्टेबल सुनील सैनी, कांस्टेबल रोहित कुमार और कांस्टेबल प्रमोद गोस्वामी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। थाना सिडकुल पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है।