हरिद्वार, 29 अप्रैल।
हर की पैड़ी पर मां गंगा की आरती देखने आई नीदरलैंड निवासी विदेशी महिला का खोया मोबाइल फोन हरिद्वार पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर बरामद कर उसे वापस सौंप दिया। मोबाइल में जरूरी दस्तावेज होने के कारण महिला काफी परेशान थी, लेकिन पुलिस की सक्रियता से उसे राहत मिली।

जानकारी के अनुसार, विदेशी नागरिक महिला ऐना दाविट पत्नी बास्टियन, निवासी डॉर्प्स स्ट्रीट, नीदरलैंड, दिनांक 28 अप्रैल 2026 को हर की पैड़ी पर गंगा आरती देखने पहुंची थीं। आरती के बाद भारी भीड़भाड़ के बीच उनका मोबाइल फोन (गूगल पिक्सल 10 प्रो) कहीं खो गया। मोबाइल में महत्वपूर्ण दस्तावेज और निजी जानकारी होने के कारण महिला चिंतित हो गई।

मोबाइल का पता न चलने पर महिला ने पुलिस चौकी हर की पैड़ी पहुंचकर मदद मांगी। चौकी प्रभारी संजीत कंडारी ने तत्काल कांस्टेबल नितिन रावत और कांस्टेबल भूपेंद्र गिरी को खोजबीन के लिए क्षेत्र में रवाना किया।

पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए 29 अप्रैल 2026 को मोबाइल फोन बरामद कर लिया। इसके बाद महिला को चौकी बुलाकर उनका मोबाइल सुरक्षित वापस सौंप दिया गया।

अपना मोबाइल वापस मिलने पर विदेशी महिला ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया और उनकी मददगार कार्यशैली की खुलकर प्रशंसा की। इस सराहनीय कार्य से हरिद्वार पुलिस की तत्परता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता एक बार फिर सामने आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!