हरिद्वार, 20 अप्रैल 2026
हरिद्वार शहर में सीवरेज लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत अब तेज रफ्तार से की जा रही है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के बाद निर्माण कार्य दिन-रात जारी है, जिससे स्थानीय लोगों, व्यापारियों और यात्रियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।



जिलाधिकारी ने हाल ही में संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ बैठक कर निर्देश दिए थे कि चारधाम यात्रा से पहले हर हाल में सभी खुदी सड़कों की मरम्मत पूरी कर ली जाए। इन निर्देशों के अनुपालन में उत्तराखंड पेयजल निगम की निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई द्वारा तेजी से काम किया जा रहा है।



परियोजना प्रबंधक मिनाक्षी मित्तल के अनुसार, केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के तहत पैकेज 01 और पैकेज 02 में सड़क पुनर्निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।



18 अप्रैल को पैकेज 01 में इंडस्ट्रियल एरिया में 650 मीटर बिटुमिनस रोड, इंटर कॉलेज रोड पर 12 मीटर सीसी रोड और शांति मार्ग पर 19 मीटर टाइल्स रोड का निर्माण पूरा किया गया। इस तरह कुल 681 मीटर कार्य संपन्न हुआ।



वहीं पैकेज 02 में द्वारका विहार, मोहन इंक्लेव, शिवापुरम कॉलोनी, राज विहार फेस-2 और आशुतोष विहार क्षेत्रों में कुल 126 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया।

प्रशासन का कहना है कि सीवरेज निर्माण के कारण हुई असुविधा को देखते हुए मरम्मत कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि चारधाम यात्रा के दौरान आवागमन सुचारू बना रहे।