हरिद्वार, 8 जुलाई।
एसएसपी हरिद्वार के नेतृत्व में थाना सिडकुल पुलिस ने दिव्यांग नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 12 जून 2026 को पीड़िता की मां ने थाना सिडकुल में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी दिव्यांग नाबालिग बेटी के साथ आरोपी ने दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर थाना सिडकुल में बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिडकुल पुलिस ने आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी। पुलिस टीम ने 6 जुलाई 2026 को सुमन नगर, गली नंबर-5 स्थित स्मार्ट दुकान के पास एक किराए के मकान से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगेश सैनी (35 वर्ष) पुत्र तिलक राम, निवासी ग्राम काकड़ा, तहसील बुढ़ाना, थाना शाहपुर, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) तथा वर्तमान निवासी ब्रह्मपुरी, रावली महदूद, थाना सिडकुल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।
कार्यवाही थाना सिडकुल पुलिस टीम
इस कार्यवाही में मुख्य रूप से थाना सिडकुल पुलिस टीम के थानाध्यक्ष अजय शाह, उपनिरीक्षक मनीषा नेगी तथा कांस्टेबल कुलदीप सिंह शामिल रहे।