हरिद्वार, 13 जुलाई।
राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) हरिद्वार एवं स्टूडेंट्स फॉर सेवा के संयुक्त तत्वावधान में छात्राओं के स्वास्थ्य और जागरूकता को केंद्र में रखते हुए मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता अभियान रविवार को आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मासिक धर्म से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों, स्वच्छता के महत्व और सुरक्षित स्वास्थ्य संबंधी उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही छात्राओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण कर उन्हें मासिक धर्म के दौरान स्वच्छ एवं सुरक्षित साधनों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।



कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आज भी समाज के कई हिस्सों में मासिक धर्म को लेकर संकोच, भ्रांतियां और गलत धारणाएं मौजूद हैं, जिसके कारण अनेक छात्राएं खुलकर अपनी समस्याएं साझा नहीं कर पातीं। ऐसे में जागरूकता अभियान न केवल स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करते हैं, बल्कि छात्राओं में आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं। अभियान के दौरान छात्राओं को बताया गया कि मासिक धर्म एक पूरी तरह प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है और इससे जुड़ी स्वच्छता का ध्यान रखना गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए बेहद आवश्यक है।
इस अवसर पर एबीवीपी की कार्यकर्ता अंकिता ने कहा कि मासिक धर्म को लेकर समाज में फैली झिझक और भ्रांतियों को समाप्त करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही बेहतर स्वास्थ्य, सम्मान और आत्मविश्वास की पहली सीढ़ी है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एवं स्टूडेंट्स फॉर सेवा केवल छात्र हितों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज में सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर भी लगातार कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में संगठन मंत्री अमन सिंह तोमर ने कहा कि विद्यार्थी परिषद का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता को भी बढ़ाना है। ऐसे अभियान छात्राओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
कार्यक्रम के दौरान संगठन मंत्री अमन सिंह तोमर, जिला संयोजक सूर्य प्रताप राणा, अंकिता, किरण, नेहा, अभिषेक, शुभम, नवीन, भास्कर सहित एबीवीपी एवं स्टूडेंट्स फॉर सेवा के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता एवं सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।