देहरादून के सहस्रधारा क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात, बैग-फोन लूटकर बदमाश फरार…

सहस्रधारा, 9 मई 2026।

राजधानी देहरादून के सहस्रधारा रोड क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ हुई लूटपाट और मारपीट की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। पीड़ित युवक आकाश कुमार (उम्र 23 वर्ष ) , जो लक्ष्मण चौक कावली रोड का निवासी है और सहस्रधारा रोड स्थित आईटी पार्क की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है, ने आरोप लगाया कि कुछ युवकों ने मदद मांगने के बहाने उसे अपने जाल में फंसा लिया।

जानकारी के मुताबिक आकाश की ड्यूटी शाम छह बजे से रात दो बजे तक थी। गुरुवार 7 मई रात करीब सवा दो बजे वह सहस्रधारा क्रॉसिंग के पास घर जाने के लिए ऑनलाइन बाइक बुक कर रहा था। इसी दौरान स्कूटर सवार दो युवक वहां पहुंचे और मोबाइल फोन गुम होने की बात कहकर उससे मदद मांगने लगे। आकाश ने मानवता दिखाते हुए उनकी सहायता करने की हामी भर दी, लेकिन यही उसकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई।

पीड़ित के अनुसार आरोपी उसे जबरन स्कूटर पर बैठाकर घंटाघर, बिंदाल पुल और गढ़ी कैंट होते हुए जामुनवाला पुल तक ले गए। वहां सुनसान जगह पर बदमाशों ने उस पर पंच से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसका बैग, दो मोबाइल फोन और पर्स में रखे सात सौ रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने आकाश को पुल से नीचे फेंक दिया, जिससे उसके पैर की हड्डी टूट गई

घायल आकाश पूरी रात नदी किनारे दर्द से तड़पता रहा। सुबह वहां से गुजर रहे एक मंदिर के पुजारी की नजर उस पर पड़ी। पुजारी ने तुरंत पास के सैनिक क्षेत्र में मौजूद जवानों को सूचना दी। सेना के जवान मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आकाश को सुरक्षित बाहर निकालकर पुल तक पहुंचाया। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। घायल युवक को एंबुलेंस के जरिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!