देहरादून ,19 मई 2026
उत्तराखंड में गर्मी अब विकराल रूप लेने जा रही है। मौसम विभाग ने आने वाले चार दिनों तक मैदानी जिलों में भीषण गर्मी और हीटवेव जैसे हालात रहने की चेतावनी जारी की है। हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंचने का अनुमान है, जबकि नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल समेत कई जिलों में भी तेज गर्म हवाओं का असर देखने को मिलेगा।

भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 19 मई को पूरे उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहेगा। हरिद्वार में पारा 40 डिग्री पार कर सकता है, जबकि ऊधम सिंह नगर, देहरादून, नैनीताल और पौड़ी में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

टिहरी, अल्मोड़ा, चंपावत और निचले चमोली क्षेत्रों में भी तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक 20 से 22 मई तक राहत मिलने के आसार नहीं हैं और मैदानी इलाकों में तेज धूप व गर्म हवाओं का असर लगातार बना रहेगा।

SEOC ने लोगों से अपील की है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, अधिक मात्रा में पानी पीते रहें और धूप से बचाव करें। स्वास्थ्य विभाग को हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए अस्पतालों में पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

विद्यालयों, निर्माण स्थलों और खुले में काम करने वाले श्रमिकों के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!