आठ महीने से अधूरी सड़क और बढ़ती परेशानी – क्या जिम्मेदार विभाग अब भी जागेगा या नहीं ?”
“जब तक जनता सड़क पर उतरकर जवाब न मांगे, तब तक व्यवस्था की रफ्तार भी शायद सड़क निर्माण की तरह धीमी ही रहती है।”
हरिद्वार, 2 जुलाई।
पतंजलि योगपीठ के मुख्य मार्ग पर पिछले आठ महीनों से अधूरे पड़े सड़क निर्माण कार्य और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की कथित लापरवाही के विरोध में आज गुरुवार को आजाद समाज पार्टी (भीम आर्मी) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश महासचिव तेज प्रताप सैनी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय व्यापारी मौके पर एकत्र हुए तथा सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचे डीपीएम (DPM) की गाड़ी को रोक लिया और उसके सामने ही सड़क पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक NHAI के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने का लिखित आश्वासन नहीं देंगे, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदेश महासचिव तेज प्रताप सैनी ने आरोप लगाया कि पिछले आठ महीनों से सड़क निर्माण कार्य कछुवा की भांति अत्यंत धीमी गति से चल रहा है। सड़क पर गहरे गड्ढे, उड़ती धूल और अव्यवस्थित निर्माण कार्य के कारण स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आये दिन दोपहिया वाहन ख़राब रस्ते की वजह से गिर रहे है ,उन्होंने कहा कि क्षेत्र के छोटे व्यापारियों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है और कई दुकानदार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं, लेकिन NHAI और प्रशासन इस समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लगभग २ महीने से वह लगातार संबंधित अधिकारियों को सड़क की खराब स्थिति और निर्माण कार्य में हो रही देरी से अवगत करा रहे है, परन्तु कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है इसलिए मजबूरन आज आम जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़क पर उतरना पड़ा है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
धरना स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने NHAI और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि स्थानीय जनता, व्यापारियों और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए किया जा रहा है।
प्रदेश महासचिव तेज प्रताप सैनी अपने समर्थकों के साथ डीपीएम की गाड़ी के आगे धरने पर डटे हुए थे। मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा और स्थिति पर नजर रखने के लिए पुलिस भी मौजूद रही।
इस अवसर पर सचिन साईं, विवेक सिंह, रवि कुमार, अभिषेक, हिमांशु सैनी , जॉनी, इसरार, सुमित उपाध्याय, अमित कुमार, नीरज सैनी, अरुण सिंह, रफल सिंह सहित आजाद समाज पार्टी (भीम आर्मी) के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी शामिल रहे।