100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को किया चिह्नित, तीन टीमों की मेहनत लाई रंग
खानपुर पुलिस ने पीड़ित परिवार से किया अपना वादा निभाया, 48 घंटे का दिया था आश्वासन, उससे पहले ही सुलझाया मामला
हरिद्वार,29 नवंबर ।
हरिद्वार पुलिस ने अपनी तत्परता, तकनीकी दक्षता और कड़ी मेहनत का परिचय देते हुए एक ब्लाइंड एक्सीडेंट केस का 48 घंटे से भी कम समय में सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने दुर्घटना में संलिप्त ट्रैक्टर को चिह्नित कर बरामद कर लिया है। घने कोहरे के कारण चुनौतीपूर्ण बनी इस घटना का खुलासा करना पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर 2026 की रात कोतवाली खानपुर क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 26 नवंबर को एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खानपुर पुलिस ने पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों को 48 घंटे के भीतर घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया। इसके लिए पुलिस की तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
घटना के समय अत्यधिक घना कोहरा होने के कारण दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करना पुलिस के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था। हालांकि, पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, लगातार प्रयासों और आपसी समन्वय के दम पर दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को चिह्नित कर बरामद कर लिया।
इस प्रकार खानपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के 48 घंटे से भी कम समय में मामले का सफल अनावरण कर पीड़ित परिवार से किया अपना वादा निभाया।
आरोपित का विवरण
संजीव कुमार पुत्र बुध सिंह, निवासी नाईवाला दल्लावाला कला, कोतवाली खानपुर, जनपद हरिद्वार, उम्र 42 वर्ष।
हरिद्वार पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर यह संदेश गया है कि गंभीर मामलों में पुलिस तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ कार्रवाई कर रही है।