देहरादून,29 नवंबर ।
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी की मुश्किलें फिलहाल कम होती नजर नहीं आ रही हैं। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने उनकी और उनके भतीजे सत्येंद्र राठौर की जमानत याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए फिलहाल कोई राहत नहीं दी है। अदालत ने राज्य सरकार से मंगलवार तक मामले की स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 1 दिसंबर 2026 को होगी।

न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल की एकलपीठ में दोनों की ओर से अलग-अलग जमानत याचिकाएं दाखिल की गई थीं। याचिकाओं में दावा किया गया कि पुलिस और एसआईटी ने गलत तथ्यों के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया है। साथ ही देहरादून की विशेष एससी-एसटी अदालत द्वारा 26 नवंबर 2026 को जमानत याचिकाएं खारिज किए जाने के आदेश को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट से जमानत पर रिहाई की मांग की गई।

क्या हैं आरोप?
मामले में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की ओर से अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ मारपीट, उत्पीड़न, धोखाधड़ी, कथित फर्जी हस्ताक्षर के जरिए कंपनियों के निदेशक पद से हटाने और एससी-एसटी एक्ट के तहत अपशब्द कहने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस संबंध में 15 अक्टूबर 2026 को देहरादून के कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।

मुकदमा दर्ज होने के बाद गिरधारी लाल साहू गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे थे। मामले की जांच के लिए पुलिस ने नौ सदस्यीय एसआईटी गठित की थी। बाद में एसआईटी ने गिरधारी लाल साहू और उनके भतीजे सत्येंद्र राठौर को झांसी से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दोनों फिलहाल जेल में बंद हैं।

पहले भी हाईकोर्ट से नहीं मिली थी राहत
इससे पहले भी गिरधारी लाल साहू ने अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने और दर्ज मुकदमे को निरस्त कराने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली थी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।

अब एक बार फिर जमानत याचिका पर हाईकोर्ट से तत्काल राहत नहीं मिलने के बाद सबकी निगाहें 1 दिसंबर की सुनवाई पर टिकी हैं। अदालत में राज्य सरकार की ओर से पेश की जाने वाली स्थिति रिपोर्ट और आगामी सुनवाई में होने वाली कार्यवाही पर इस मामले का अगला रुख निर्भर करेगा।

MH7 NEWS | उत्तराखंड की हर बड़ी खबर पर नजर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!