अल्मोड़ा, 29 मई ।
अल्मोड़ा में लगातार हो रहे भू-स्खलन, सड़क धंसने और पहाड़ी से बोल्डर गिरने की घटनाओं के चलते प्रशासन ने अल्मोड़ा-क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए 29 मई 2026 से अग्रिम आदेशों तक इस मार्ग पर हल्के और भारी वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दी गई है।

लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की संयुक्त रिपोर्ट में क्वारब लैंडस्लाइड जोन को बेहद संवेदनशील बताया गया है। हालांकि क्वारब बाईपास मार्ग को छोटे यात्री वाहनों और यात्री बसों के लिए सुरक्षित माना गया है। यहां रोड सेफ्टी और प्रतिधारक दीवारों का निर्माण कार्य जारी है, लेकिन इससे यातायात प्रभावित नहीं होगा।

प्रशासन के आदेश के अनुसार अब हल्के वाहन और यात्री बसें क्वारब बाईपास मार्ग से संचालित होंगी, जबकि भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग :-

  • अल्मोड़ा – विश्वनाथ – शहरफाटक मोटर मार्ग (राज्य मार्ग-13)
  • खैरना – रानीखेत मोटर मार्ग (राज्य मार्ग-14)

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाएगा। प्रतिबंधित मार्ग पर वाहन संचालन या किसी दुर्घटना की स्थिति में संबंधित थाना और चौकी प्रभारी जिम्मेदार माने जाएंगे।

हालांकि एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। विशेष परिस्थितियों में संबंधित उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी या जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी अनुमति दे सकेंगे।

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले रूट की जानकारी अवश्य लें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!