रानीखेत, 17 मई 2026।
उत्तराखंड के रानीखेत क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। चिलियानौला स्थित डिग्री कॉलेज के पास जंगल में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक का शव पाइप के सहारे जैकेट से लटका हुआ मिला, जबकि शव घुटनों के बल स्थिति में था। घटनास्थल की यह स्थिति कई सवाल खड़े कर रही है।
मृतक की पहचान जितेंद्र सिंह (करीब 30 वर्ष) पुत्र प्रीतम सिंह निवासी बल्लभगढ़, फरीदाबाद (हरियाणा) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कुमाऊं रेजिमेंट सेंटर में सिविल डिफेंस के तहत सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत था और वर्तमान में रानीखेत मुख्यालय में तैनात था। वह गनियाद्योली क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था।
साथी कर्मचारियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे तक जितेंद्र ड्यूटी पर मौजूद था। इसके बाद उसने कमरा बदलने की बात कहकर छुट्टी ली थी। कुछ ही घंटों बाद चिलियानौला के जंगल में उसका शव मिलने की सूचना से साथी कर्मचारी और स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए।
जानकारी के मुताबिक, जितेंद्र विवाहित था और उसके दो बच्चे हैं। वह कुछ समय पहले ही अपने परिवार को फरीदाबाद छोड़कर वापस ड्यूटी पर लौटा था।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, लेकिन शव की स्थिति और घटनास्थल के हालात को देखते हुए कई तरह की आशंकाएं भी जताई जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।