हल्द्वानी, 03 जून 2026।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर पार्टी संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की ऑब्जर्वर टीम मंगलवार को हल्द्वानी पहुंची। स्वराज आश्रम में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की महासचिव शिल्पी अरोड़ा ने कहा कि राहुल गांधी की प्रस्तावित अल्मोड़ा रैली ऐतिहासिक साबित होगी और प्रदेश में बदलाव का शंखनाद करेगी।
उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस महिलाओं के अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर संघर्ष कर रही है। महिला आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू कराने और महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए संगठन हर स्तर पर आवाज उठा रहा है।
ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी पूनम पंडित ने कहा कि – महिला कांग्रेस नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 को तत्काल लागू करने तथा उसमें ओबीसी वर्ग की महिलाओं को भी प्रतिनिधित्व देने की मांग को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चला रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के नाम पोस्टकार्ड भेजकर महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू करने की मांग उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नाम पोस्टकार्ड लिखकर अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया। प्रेस वार्ता में ज्ञान जया कर्नाटक, सुनीता कश्यप, बीना जोशी, दीपा बिष्ट, मधु सागुड़ी, मंजू दानू सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महिला कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा प्रदेश में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा प्रदान करेगा। साथ ही बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं के अल्मोड़ा और देहरादून में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने की बात भी कही गई।