अल्मोड़ा, 05 जून।
कल शाम बृहस्पतिवार दिनांक 04 जून को अल्मोड़ा के बाड़ीछीना क्षेत्र के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पिथौरागढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंदन सिंह बथियाल के निधन पर प्रदेशभर में शोक की लहर है। इस हादसे को कांग्रेस संगठन के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अल्मोड़ा अस्पताल पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि कुंदन सिंह बथियाल उनकी राजनीतिक यात्रा के लंबे समय तक सक्रिय सहयोगी और साथी रहे। उनके असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद और मर्माहत करने वाला है।

हरीश रावत ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति दें।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल अन्य साथियों से भी अस्पताल में मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के उपचार की जानकारी ली और सभी के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की।

बताया जा रहा है कि बाड़ीछीना के पास हुई इस दुर्घटना में वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया था, जिसमें कुंदन सिंह बथियाल की जान चली गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!