रुड़की, 4 अप्रैल।
हरिद्वार के रुड़की क्षेत्र में भरे बाजार में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले बदमाशों पर हरिद्वार पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 मई 2026 को गुलशेर पुत्र जमील निवासी ग्राम बिझौली, कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार ने कोतवाली रुड़की में तहरीर देकर बताया कि चार व्यक्तियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नियत से तमंचे से फायरिंग की। मामले में कोतवाली रुड़की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन और प्रभारी निरीक्षक प्रदीप विष्ट के नेतृत्व में टीम गठित की गई। सक्रिय मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस टीम ने 04 मई 2026 को कलियर रोड नहर पटरी गुमटी के पास से दो आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आसिफ (22 वर्ष) निवासी कस्बा बरला, मुजफ्फरनगर हाल निवासी ग्राम तेलीवाला, रुड़की और साकिब (20 वर्ष) निवासी ग्राम तेलीवाला पाडली गुर्जर, रुड़की के रूप में हुई है।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस, व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (UK17 R-8724, स्प्लेंडर) बरामद की गयी है।

पुलिस के अनुसार, फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों ने साफ किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

कोतवाली रुड़की पुलिस टीम में व0उ0नि0 धर्मेन्द्र राठी, उ0नि0 सुभाष जखमोला, हे0का0 वीरेश खत्री, हे0का0 नूर अहमद, हे0का0 कमल, का0 इतेन्द्र ध्यानी, का0 शूरवीर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!