हरिद्वार, 5 जुलाई।
केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे देश के साथ उत्तराखंड में भी 29 जून से 6 जुलाई तक सहकारिता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को हरिद्वार स्थित जिला सहकारी बैंक परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश के सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में स्थापित केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय ने बीते पांच वर्षों में देशभर में सहकारिता आंदोलन को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि देश के पहले केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए हैं, जिनका लाभ सीधे किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिल रहा है।

देशभर में एक करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य
धन सिंह रावत ने बताया कि सहकारिता सप्ताह के दौरान देशभर में किसान गोष्ठियां, सहकारिता सम्मेलन और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान के तहत पूरे देश में एक करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उत्तराखंड में भी प्रत्येक जिले और प्रत्येक सहकारी समिति के माध्यम से बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जा रहा है, ताकि पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

30 लाख किसान जुड़े, 2 लाख किसानों को मिलेगा ब्याज मुक्त ऋण
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में लगभग 30 लाख किसान सहकारिता विभाग से जुड़े हुए हैं। किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार इस वर्ष 2 लाख किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराएगी। इससे किसानों को खेती-किसानी और अन्य कृषि कार्यों के लिए सस्ती वित्तीय सहायता मिल सकेगी।

₹300 करोड़ के मुनाफे में पहुंचे सहकारी बैंक
सहकारिता मंत्री ने बताया कि सहकारिता क्षेत्र में किए गए सुधारों का परिणाम है कि उत्तराखंड के सभी सहकारी बैंक अब करीब 300 करोड़ रुपये के शुद्ध लाभ में पहुंच चुके हैं। ग्रामीण क्षेत्रों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य में 55 नई सहकारी बैंक शाखाएं खोली जाएंगी, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों और आम लोगों को भी बेहतर बैंकिंग सेवाएं मिल सकेंगी।

‘खेत बचाओ अभियान’ और ऑर्गेनिक खेती पर रहेगा फोकस
धन सिंह रावत ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘खेत बचाओ अभियान’ को तेजी से आगे बढ़ा रही है। इसके साथ ही उत्तराखंड को जैविक कृषि के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के उद्देश्य से किसानों को ऑर्गेनिक (जैविक) खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उनका कहना था कि इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और प्रदेश की कृषि अधिक टिकाऊ एवं स्वास्थ्यवर्धक बनेगी।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन जिला सहकारी बैंक हरिद्वार के प्रशासक एवं निबंधक सहकारी समितियां उत्तराखंड आनंद ए.डी. शुक्ल ने किया, जबकि अतिथियों का स्वागत जिला सहायक निबंधक मोनिका चुनेरा तथा जिला सहकारी बैंक हरिद्वार के सचिव एवं महाप्रबंधक सौ सिंह ने किया।
इस अवसर पर आदेश चौहान, किरण जैसल, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, देशराज कर्णवाल, आदेश सैनी, विकास तिवारी, सुशील त्यागी सहित सहकारी समितियों के पदाधिकारी, किसान, बैंक एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!