हरिद्वार, 5 जुलाई।
ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस को वाहन चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता मिली है। थाना सिडकुल पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बाइक बरामद कर ली गई है, जबकि उसके फरार साथी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को अमरेश कुमार पुत्र राजेंद्र, निवासी औरंगाबाद सिडकुल (वर्तमान पता- शिवालिक गंगा विहार, नवोदय नगर, सिडकुल) ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की लिखित तहरीर थाना सिडकुल में दी थी। शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष सिडकुल ने मामले के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस लगातार संदिग्धों पर नजर रख रही थी और क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान वाहन चेकिंग के समय एक युवक पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी कार्तिक के साथ मिलकर करीब तीन-चार दिन पहले शिवालिक गंगा विहार कॉलोनी, नवोदय नगर से रात के समय उक्त मोटरसाइकिल चोरी की थी।
आरोपी ने पूछताछ में यह भी बताया कि उसका साथी पहले भी सिडकुल क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें बिजनौर (उत्तर प्रदेश) में बेच चुका है। उसने बताया कि यह पहली बार था जब उसने कार्तिक के साथ मिलकर बाइक चोरी की थी और बरामद मोटरसाइकिल को बेचने के लिए जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मामले में पुलिस ने संबंधित मुकदमे में धारा की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपी कार्तिक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शहवाज पुत्र मेहराज, निवासी मोहल्ला जाटमपुरी, थाना जाटमपुरी, जिला फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी भूरा चिकन वाले का मकान, रोशनाबाद, सिडकुल, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई।
बरामदगी : चोरी की एक मोटरसाइकिल।
इस कार्यवाही में पुलिस टीम में उपनिरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा व कांस्टेबल नरेंद्र चौहान शामिल रहे।