टिहरी विस्थापित क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों से हादसों का खतरा, कल हुई दुर्घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था की मांग…
हरिद्वार, 28 अक्टूबर।
टिहरी विस्थापित (वीर शिवाजी नगर), वार्ड नंबर 7 के संगम गली-A12 स्थित अंतिम चौराहे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। क्षेत्र में कल हुई एक गंभीर दुर्घटना के बाद चौराहे पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई गई है।
निर्दलीय सभासद अमरदीप सिंह रॉबिन ने क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित चौराहे के चारों ओर स्पीड ब्रेकर (बम्प) लगवाने की व्यवस्था कराने की अपील की है। उनका कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ऐसे में समय रहते आवश्यक कदम उठाना बेहद जरूरी है।
सभासद ने संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया है कि जनहित और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए चौराहे पर स्पीड ब्रेकर लगवाने की दिशा में उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।
क्षेत्रवासियों से भी अपील
अमरदीप सिंह रॉबिन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि चौराहे से गुजरते समय सावधानी बरतें, वाहन निर्धारित गति से चलाएं और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग इस समस्या का संज्ञान लेकर जल्द आवश्यक कदम उठाएगा।
क्षेत्रवासियों की मांग है कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चौराहे पर जल्द से जल्द उचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।