भजन-कीर्तन, गंगा आरती और निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर सहित होंगे कई धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम

हरिद्वार, 31 अक्टूबर।

धर्मनगरी हरिद्वार में रविवार से अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से दो दिवसीय भव्य चित्रगुप्त कथा का आयोजन किया जाएगा। भूपतवाला स्थित चित्रकूट आश्रम घाट पर आयोजित होने वाली इस कथा में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। कथा के दौरान भजन-कीर्तन, गंगा आरती सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

चित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज श्रद्धालुओं को भगवान चित्रगुप्त की महिमा और कथा का श्रवण कराएंगे।

प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने बताया कि चित्रगुप्त कथा के आयोजन की शुरुआत पहली बार ऋषिकेश से की गई थी। इसके बाद महासभा ने हरिद्वार में भी इस धार्मिक आयोजन को शुरू किया। उन्होंने बताया कि रविवार को कथा के शुभारंभ से पूर्व चित्रकूट आश्रम में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा। शिविर में मरीजों के रक्त एवं स्वास्थ्य की जांच के साथ निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कथा के अगले दिन, 2 नवंबर सोमवार को अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबोधकांत सहाय के नेतृत्व में महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे।

महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त मनुष्य के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाले आराध्य देव हैं। उनका जीवन और संदेश हमें अपने कर्मों के प्रति सजग रहने तथा सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

प्रेस वार्ता में रवि पिल्लई, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मुकुल श्रीवास्तव, वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकेश श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंद्रसेन श्रीवास्तव, संगठन मंत्री उत्तराखंड सुशील सक्सेना, कोषाध्यक्ष नितेश सक्सेना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुरारी प्रसाद, राहुल वर्मा, प्रदेश संरक्षक विभाष सिन्हा, विश्वास आनंद, आशीष श्रीवास्तव, आमोद श्रीवास्तव और विक्रम श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!