देहरादून, 04 जून।
उत्तराखंड शासन द्वारा जारी पीसीएस अधिकारियों के तबादला आदेशों के तहत वरिष्ठ अधिकारी मनीष कुमार सिंह की एक बार फिर नैनीताल जिले में वापसी हुई है।

वर्तमान में हरिद्वार विकास प्राधिकरण के सचिव पद पर तैनात मनीष कुमार सिंह को नैनीताल झील विकास प्राधिकरण का सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) के महाप्रबंधक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

मनीष कुमार सिंह का नैनीताल से पुराना जुड़ाव रहा है। इससे पूर्व वह हल्द्वानी में अपर जिलाधिकारी (एडीएम) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए शासन ने उन्हें पर्यटन और झील संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे हैं।

वहीं, वर्तमान में नैनीताल झील विकास प्राधिकरण के सचिव एवं KMVN के महाप्रबंधक का दायित्व संभाल रहे विजय नाथ शुक्ला को ऋषिकेश नगर निगम का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। शासन के इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था में नई ऊर्जा और बेहतर समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

तबादलों के बाद दोनों अधिकारियों को शीघ्र ही अपने नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!