बुधवार , 22 अप्रैल।
आज आस्था और श्रद्धा के प्रतीक भगवान श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल 2026 को प्रातः 8 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ होगा।
इस दिव्य अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं धाम में उपस्थित रहेंगे और बाबा केदार के चरणों में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। मुख्यमंत्री लगातार चारधाम यात्रा की तैयारियों पर नजर बनाए हुए हैं। वे पहले ही ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर चुके हैं और सड़क मार्ग से भी यात्रा का जायजा ले चुके हैं। उनके निर्देशों के बाद प्रशासनिक अमला हर स्तर पर सक्रिय दिखाई दे रहा है।

श्री केदारनाथ धाम में कपाट खुलने के साथ ही “हर-हर महादेव” और “जय केदार” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनेंगे, जहां भक्ति और उल्लास अपने चरम पर होगा।
जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सड़क मार्ग को दुरुस्त किया गया है, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया गया है। पैदल मार्ग पर शौचालय, आवास, भोजन, पेयजल, विद्युत और सोलर लाइट की समुचित व्यवस्था की गई है। हर दो किलोमीटर पर स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिससे यात्रियों को त्वरित चिकित्सा सुविधा मिल सके।
धाम क्षेत्र में स्वच्छता, आधुनिक सुविधाएं और गर्म पानी की व्यवस्था भी विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हैं, जिससे यात्रा सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है।
धाम पहुंचे श्रद्धालु व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि इस बार यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनी है।
हर-हर महादेव! जय केदार!