रुद्रा स्टोन क्रशर पर खनन कराने का आरोप, विरोध करने पर धमकी देने की शिकायत…
बेहट (सहारनपुर), 25 मई ।
बेहट क्षेत्र के गांव जयतपुर कला में नदी क्षेत्र में कथित अवैध खनन को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जयतपुर कला नदी में बड़े पैमाने पर अवैध खनन कराया जा रहा है, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ किसानों की कृषि भूमि भी खतरे में पड़ गई है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी सहारनपुर और तहसील समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह खनन कार्य रुद्रा स्टोन क्रशर से जुड़ा हुआ है और लगातार नदी क्षेत्र से खनिज सामग्री का उठान किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने खनन गतिविधियों का विरोध किया तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकियां दी गईं। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें डराने और दबाव बनाने के लिए उनके घरों पर पुलिस भेजी जाती है तथा स्टोन क्रशर संचालक अपने प्रभाव का हवाला देकर कार्रवाई कराने की धमकी देते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार बरसात का मौसम नजदीक है और यदि नदी में इसी तरह खनन जारी रहा तो तेज बहाव के दौरान नदी किनारे स्थित खेतों में कटाव बढ़ सकता है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए तथा नदी क्षेत्र में हो रहे कथित अवैध खनन को तत्काल बंद कराया जाए।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में रुद्रा स्टोन क्रशर अथवा संबंधित पक्ष का आधिकारिक बयान प्राप्त नहीं हो सका है। प्रशासनिक जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।