हरिद्वार, 25 मई ।
प्रज्ञा फाउंडेशन की संस्थापक एवं हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की पत्नी प्रज्ञा दीक्षित ने रावली महदूद ग्राम पंचायत में महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने भाग लिया।

इस दौरान प्रज्ञा दीक्षित ने मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए महिलाओं को सैनिटरी नैपकिन वितरित किए। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म कोई शर्म या संकोच का विषय नहीं है, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पहलू है, जिस पर खुलकर चर्चा और जागरूकता आवश्यक है।

उन्होंने महिलाओं को सैनिटरी नैपकिन के सुरक्षित उपयोग के साथ-साथ उसके उचित निस्तारण के बारे में भी जानकारी दी। प्रज्ञा दीक्षित ने बताया कि इस्तेमाल किए गए सैनिटरी उत्पादों का गलत तरीके से निस्तारण पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों के लिए हानिकारक हो सकता है। इसलिए प्रत्येक महिला को स्वच्छता के नियमों का पालन करना चाहिए।

कार्यक्रम में महिलाओं को नगर निकाय द्वारा संचालित विशेष कचरा संग्रहण व्यवस्था की जानकारी भी दी गई। उन्होंने बताया कि मेडिकल और सैनिटरी वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण के लिए अलग व्यवस्था की गई है, जिसका लाभ सभी को उठाना चाहिए।

प्रज्ञा दीक्षित ने महिलाओं और किशोरियों से अपील की कि वे मासिक धर्म से जुड़े मिथकों और झिझक को छोड़कर जागरूकता अपनाएं तथा अपने परिवार और आसपास की अन्य महिलाओं को भी इस विषय में सही जानकारी दें।

ग्रामीण महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव स्तर पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम महिलाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता संबंधी ज्ञान को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम ने महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का एक सकारात्मक संदेश दिया तथा समाज में स्वस्थ और जागरूक जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!