नैनीताल , 29 अप्रैल।
नैनीताल जिले के लालकुआं क्षेत्र स्थित तराई केंद्रीय वन प्रभाग की टांडा रेंज के शाह पठानी खत्ता में बुधवार सुबह जंगली हाथी के हमले में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सुबह के समय एक जंगली हाथी ने दो व्यक्तियों पर अचानक हमला कर उन्हें कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक की पहचान बांधो प्रजापति (75 वर्ष), निवासी चतरा, झारखंड के रूप में हुई है। वहीं दूसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि दूसरा व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ था और आसपास के क्षेत्र में घूमता रहता था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित सैनी, प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा और रेंजर रूपनारायण गौतम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
वन विभाग ने आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है और ग्रामीणों से जंगल के आसपास अकेले न जाने की अपील की है। लगातार बढ़ रही वन्यजीवों की गतिविधियों से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।