भीमताल, 29 अप्रैल।
नैनीताल के भीमताल के खुटानी क्षेत्र में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक गुलदार अचानक सड़क पर आ गया और एक बाइक पर झपटा ,जिसके बाद बाइक समेत वो दोनों जमीन पर गिर गये। टक्कर इतनी तेज थी कि गुलदार का एक पैर बाइक की चेन में फंस गया।

बताया जा रहा है कि बाइक सवार ने किसी तरह अपनी जान बचाई और मौके से दूर हट गया, जबकि गुलदार बाइक के नीचे फंसा रह गया। घटना के बाद वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए और कोई भी बाइक के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका।

हादसे के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार को सुरक्षित निकालने के प्रयास शुरू किए। अधिकारियों ने लोगों से दूरी बनाए रखने और सतर्क रहने की अपील की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे ऐसे हादसों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!