लक्सर | 21अप्रैल 2026
हरिद्वार जनपद के लक्सर क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने वाले गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कोतवाली लक्सर पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से करीब 240 लीटर विद्युत ट्रांसफार्मर तेल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार यह गैंग रात के अंधेरे में खेतों और सुनसान स्थानों पर लगे ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाकर तेल चोरी करता था। मामले का खुलासा तब हुआ जब 15 फरवरी 2026 को 33/11 केवी विद्युत उपसंस्थान लक्सर के अवर अभियंता ने नन्दपुर रायसी निवासी उपभोक्ता अनुज के नलकूप पर लगे ट्रांसफार्मर से तेल चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ाई, संदिग्ध स्थानों पर चेकिंग की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद 19 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने एक आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशू (24 वर्ष), निवासी ग्राम महाराजपुर खुर्द, कोतवाली लक्सर के रूप में हुई है। उसके पास से 240 लीटर ट्रांसफार्मर तेल के साथ एक TVS Apache मोटरसाइकिल और HYUNDAI EON कार भी बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने की बात कबूल की है। हालांकि उसके दोनों साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विद्युत अधिनियम और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है और आगे की कार्रवाई जारी है।