कोतवाली श्यामपुर, 8 मई ।
हरिद्वार पुलिस की कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए बिहार से चार माह से लापता एक मूक एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को उसके परिजनों से मिलाकर बड़ी मानवीय मिसाल पेश की है।

एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा जनपद पुलिस को नाबालिग, महिला अपराध और गुमशुदगी से जुड़े मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत थाना श्यामपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को उसके परिवार तक पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार 07 मई 2026 को थाना श्यामपुर पुलिस गश्त और चेकिंग के दौरान बाहरपीली क्षेत्र में एक युवक लावारिस हालत में घूमता मिला। युवक बोलने में असमर्थ था और मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा था। पुलिस टीम ने तुरंत मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए उसे रेस्क्यू कर थाने लाया।

इसके बाद पुलिस ने सोशल मीडिया और जिला व प्रदेश स्तर पर खोए हुए बच्चों एवं व्यक्तियों के माध्यम से जानकारी प्रसारित की। थाना श्यामपुर पुलिस की सक्रियता रंग लाई और मात्र तीन घंटे के भीतर युवक के भाई राज नारायण यादव निवासी दरभंगा, बिहार की पहचान कर संपर्क स्थापित किया गया।

पूछताछ में युवक की पहचान नितीश कुमार पुत्र साधु यादव निवासी ग्राम बिहरानी, पोस्ट मच्छी, थाना बहेड़ी, जिला दरभंगा बिहार के रूप में हुई, जो पिछले चार महीनों से लापता था।

अपने भाई को सकुशल देखकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने युवक को उसके भाई के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया।

कोतवाली श्यामपुर पुलिस टीम में व0उ0नि0 मनोज रावत, अ0उ0नि0 दरम्यान सिंह, हे0का0 बृजमोहन सिंह, का0 अजय चौहान,हो0गा0 अंकित रावत शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!